मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग को एक महीने से ज्यादा बीत चुका है, लेकिन अभी भी दोनों ओर से एकदूसरे के ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले जारी हैं. अमेरिका-इजरायल ने शनिवार (4 अप्रैल) को ईरान के बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट को निशाना बनाया. इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और प्लांट से जुड़ी इमारतों को नुकसान हुआ. इस अटैक के बाद ईरान ने यूएस-इजरायल को चेतावनी दी है. विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसको लेकर बड़ा बयान दिया है.
ईरानी विदेश मंत्री ने दी चेतावनी
अराघची ने कहा, अमेरिका-इजरायल की ओर से बुशहर न्यूक्लियर प्लांट पर चार बार हमला किया जा चुका है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यह अटैक होते हैं तो यहां से निकलने वाला रेडिएशन तेहरान तक ही सीमित नहीं रहेगा बल्कि खाड़ी के अन्य देश भी इसकी जद में आएंगे. यानी बहरीन से लेकर कुवैत, सऊदी अरब जैसे देशों के शहर इससे तबाह होंगे. उन्होंने आगे कहा, हवा का रुख ऐसा है कि खतरा ईरान की बजाय खाड़ी देशों को ज्यादा होगा.
उनके इस बयान को अमेरिका-इजरायल के साथ खाड़ी देशों को चेतावनी के तौर पर भी देखा जा रहा है. जिसके मुताबिक अगर उसके न्यूक्लियर प्लांट पर अगर हमला होता है तो उनको भी इसकी तबाही का सामना करना पड़ेगा. रेडिएशन फैला तो वह किसी देश की सीमा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हवा के साथ आगे चला जााएगा. यानी यह पूरे पश्चिमी एशिया के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं है.
पश्चिमी देशों पर निशाना
ईरानी विदेश मंत्री ने पेट्रोकेमिकल (तेल से जुड़े कारखानों) पर हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि दुश्मन देशों की कोशिश ईरान के हथियारों को तोड़ना नहीं है, बल्कि वह ईरान की इकोनॉमी को भी तबाह करना चाहते हैं. अराघची ने इस दौरान पश्चिमी देशों पर भी निशाना साथा. उन्होंने कहा यूरोप इन हमलों पर चुप्पी साधे है, जो बेहद खतरनाक है. विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को पत्र लिखकर ईरान की परमाणु सुविधाओं पर अमेरिका-इजरायल के हमलों की निंदा की.
न्यूक्लियर प्लांट पर हमले में एक की मौत
बता दें, ईरान की न्यूज एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, यूएस-इजरायली हमले में शनिवार सुबह (5 अप्रैल) को ईरान के बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट को निशाना बनाया गया, जिसमें एक प्रोजेक्टाइल प्लांट के पास स्थित जमीन पर गिरा. पेट्रोकेमिकल्स हब ‘महशहर’ पर भी हमला हुआ, जिसमें पांच लोग घायल हो गए. न्यूज एजेंसी ने बताया कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और प्लांट से जुड़ी इमारतों को नुकसान हुआ.
न्यूज एजेंसी ने दावा किया कि युद्ध शुरू होने के बाद से पावर प्लांट पर यह चौथा हमला था. हालांकि अमेरिका और इजरायल की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई. वहीं, ईरानी पेट्रोकेमिकल्स हब पर हुई एयर स्ट्राइक में पांच लोगों के घायल होने की खबर है. ईरानी मीडिया के मुताबिक, कुछ समय पहले दक्षिण-पश्चिम ईरान में पेट्रोकेमिकल हब पर इजरायली हवाई हमले हुए थे.
