मुरादाबाद में नगर निगम परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ करना बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया. अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और संगठन में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है.
जानकारी के मुताबिक, गो संरक्षण समेत अन्य मांगों को लेकर अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता पीली कोठी स्थित नगर आयुक्त कैम्प कार्यालय पहुंचे थे. यहां उन्होंने पहले जमीन पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और फिर ज्ञापन देने की तैयारी की.
इसी दौरान नगर निगम प्रशासन ने इस तरीके पर आपत्ति जताई. बाद में प्रशासन की ओर से थाना सिविल लाइंस में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर एक नामजद और करीब 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ हंगामा और शांति भंग करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया.
संगठन में उबाल, नगर आयुक्त पर लगाए आरोप
मुकदमा दर्ज होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है. संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगर आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा का पाठ करने पर कार्रवाई करना गलत है और इससे प्रशासन की मानसिकता साफ झलकती है.
उन्होंने कहा कि यदि जांच में संगठन दोषी पाया जाता है तो वे कानूनी कार्रवाई स्वीकार करेंगे. लेकिन अगर आरोप गलत साबित होते हैं, तो संगठन चुप नहीं बैठेगा और मानहानि का मुकदमा अदालत में दायर करेगा. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग भी की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसी के साथ अन्याय न हो.
मुख्यमंत्री से जांच की मांग
संगठन ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उन्होंने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की अपील करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी.
