दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होने वाले सोनू निगम के लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट ‘सतरंगी रे’ को लेकर सख्त ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. कार्यक्रम शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक चलेगा, लेकिन दोपहर 2 बजे से ही रात 10 बजे तक आसपास भारी ट्रैफिक का दबाव रहेगा. लाखों फैंस की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुगमता के लिए विशेष पाबंदियां लगाई गई हैं.
प्रभावित मुख्य सड़कें और डायवर्जन
आईपी मार्ग (एमजीएम रोड) पर डायवर्जन रहेगा, जहां कोई भारी वाहन नहीं चलेगा. विकास मार्ग और राजघाट से आईपी डिपो तक रिंग रोड भी प्रभावित होगा. दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक कम्यूटर्स को इन रास्तों से बचना चाहिए.
स्टेडियम के गेट्स के लिए सही एंट्री रूट
गेट नंबर 7 और 8 के लिए वेलोड्रोम रोड से एंट्री दी जाएगी. वहीं, गेट 16, 18, 21 और 22 के लिए एमजीएम रोड से पहुंचना होगा. रिंग रोड पर स्थित गेट 18 के आसपास पार्किंग के लिए भी एमजीएम रोड ही इस्तेमाल करने के निर्देश ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किए गए हैं.
पार्किंग के सख्त नियम, बिना लेबल वाहन अंदर नहीं
विंडस्क्रीन पर वैलिड पार्किंग लेबल जरूरी होगा, अन्यथा स्टेडियम के आसपास पार्किंग की अनुमति नहीं मिलेगी. कार पार्किंग लेबल धारकों को रिंग रोड से एमजीएम रोड होते हुए पार्किंग लॉट में प्रवेश करना होगा. वाहनों को निर्धारित समय पर ही पार्क करने की छूट मिलेगी.
वाहन चालकों से ट्रैफिक पुलिस की अपील
वाहन चालकों से धैर्य रखते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई है. ट्रैफिक को लेकर ताजा अपडेट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट, ट्विटर, इंस्टाग्राम, फेसबुक या व्हाट्सऐप से जुड़ सकते हैं अथवा (8750794393) और हेल्पलाइन (011-25844844) पर सम्पर्क कर सकते हैं.
