कार चलाते समय लोग अक्सर इंजन, माइलेज या ब्रेक जैसी चीजों पर ध्यान देते हैं, लेकिन क्लच सिस्टम को नजरअंदाज कर देते हैं. यही वजह है कि कई बार क्लच अचानक खराब हो जाता है और लोगों को भारी खर्च उठाना पड़ता है. दरअसल क्लच कार के सबसे जरूरी पार्ट्स में से एक है जो इंजन और गियर बॉक्स के बीच तालमेल बनाकर ड्राइविंग को स्मूद बनाता है. अगर इसकी सेटिंग सही न हो तो न सिर्फ गियर बदलने में दिक्कत आती है, बल्कि क्लच प्लेट जल्दी घिसने लगती है और पूरे सिस्टम पर दबाव बढ़ जाता है. वहीं कई बार देखा जाता है कि छोटी सी लापरवाही जैसे गलत क्लच पैडल या हाइट फ्री प्ले की अनदेखी धीरे-धीरे बड़ी समस्या बन जाती है, जबकि अगर क्लच पैडल की फ्री प्ले और हाइट सही रखी जाए तो क्लच की लाइफ बहुत हद तक बढ़ाई जा सकती है. ऐसे में चलिए आज हम आपको बताते हैं कि कार के क्लच की लाइफ बढ़ाने के लिए कौन सी सेटिंग बदलनी होती है.
ये भी पढ़ें-Affordable 7-Seater Cars: कम बजट में बड़ी फैमिली के लिए बेस्ट हैं ये 7-सीटर कारें, जानें फीचर्स और कीमत
क्लच पैडल फ्री प्ले क्यों है जरूरी?
क्लच पैडल का फ्री प्ले वह दूरी होती है, जहां तक पैडल दबाने पर कोई रेजिस्टेंस महसूस नहीं होता है. अगर यह सही नहीं है तो क्लच सिस्टम पर सीधा असर पड़ता है. वहीं फ्री प्ले कम होगा तो क्लच हमेशा थोड़ा दबा रहेगा, जिससे प्लेट जल्दी घिसेगी. ज्यादा फ्री प्ले होने पर गियर बदलने में दिक्कत और झटके महसूस होंगे. वहीं सही फ्री प्ले क्लच प्लेट और प्रेशर प्लेट को सुरक्षित रखता है. आमतौर पर 10 से 25 मिमी तक का फ्री प्ले सही माना जाता है. हालांकि यह कार के मॉडल पर भी निर्भर करता है.
क्लच पैडल की हाइट का क्या पड़ता है असर?
क्लच पैडल की ऊंचाई ड्राइविंग कंफर्ट और क्लच के काम करने के तरीके दोनों को ही प्रभावित करती है. ज्यादा ऊंचा पैडल होने पर क्लच जल्दी इंगेज हो जाता है और पार्ट्स जल्दी घिसते हैं. क्लच पैडल की हाइट बहुत नीचे होने पर क्लच पूरी तरह डिसएंगेज नहीं होता है, जिससे गियर घिस सकते हैं. वहीं सही हाइट पर पैडल होने से गियर शिफ्टिंग स्मूद रहती है. ज्यादातर कारों में क्लच पैडल की हाइट 5 से 7 इंच के बीच सही मानी जाती है.
गलत सेटिंग से क्या हो सकता है नुकसान?
अगर क्लच पैडल की हाइट और फ्री प्ले सही नहीं है तो कई तरह की समस्याएं हो सकती है. जैसे क्लच स्लिप होना, गियर बदलने में दिक्कत आना, इंजन पर एक्स्ट्रा दबाव और क्लच प्लेट और अन्य पार्ट्स जल्दी खराब होने जैसी समस्याएं होने लगती है. वहीं इन समस्याओं को नजरअंदाज करने पर क्लच पूरी तरह खराब हो सकता है, जिसकी रिपेयरिंग बहुत महंगी पड़ सकती है.
कैसे बढ़ाए क्लच की लाइफ?
क्लच की लाइफ बढ़ाने के लिए बेवजह क्लच पर पैर रखकर न चलाएं, ब्रेक लगाते समय हर बार क्लच न दबाएं, सिग्नल पर गाड़ी न्यूट्रल में रखें. वहीं चढ़ाई पर क्लच की बजाय हैंड ब्रेक का इस्तेमाल करें. दरअसल क्लच सिस्टम फ्रिक्शन पर काम करता है इसलिए इसमें घिसाव होना तय है, लेकिन सही सेटिंग रखने से इसकी लाइफ काफी बढ़ाई जा सकती है.
ये भी पढ़ें-कारों को भी बीमार कर देती है चिलचिलाती गर्मी, जानें इससे कैसे बचाएं अपनी गाड़ी?
