लखनऊ में ईद के चांद का दीदार हो गया है और अब पूरे देश में कल ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा. जुमे की नमाज के बाद रमजान को चांद दिखाई देने की तस्दीक होने के बाद लोगों में खुशी का माहौल है और बाजारों से लेकर घरों तक तैयारियां तेज हो गई हैं. ईदगाह ऐशबाग समेत सभी मस्जिदों में तैयारी पूरी हो गई हैं. इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने गाइडलाइन जारी की हैं. वहीं मौलाना खालिद रशीद ने देशवासियों को मुबारकबाद दी है, ईदगाह ऐशबाग में सुबह 10 बजे नमाज होगी और सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील की है.
इस मौके पर अखिलेश यादव ने भी देशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “यूं तो सबके अपने-अपने चंदा हैं, पर ईद का चांद एक है. ईद मुबारक!” उनके इस संदेश को लोगों ने खूब पसंद किया और आपसी भाईचारे का संदेश बताया.
यूँ तो सबके अपने-अपने चंदा हैं पर ईद का चाँद एक है।
ईद मुबारक! pic.twitter.com/DzlpKCZial
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 20, 2026
इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने ईद को लेकर जारी की गाइडलाइन
लखनऊ में ईद को लेकर खास तैयारियां की गई हैं. ईदगाह ऐशबाग समेत शहर की सभी प्रमुख मस्जिदों में नमाज की तैयारी पूरी कर ली गई है. जानकारी के मुताबिक, ईदगाह ऐशबाग में सुबह 10 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी. बड़ी संख्या में नमाजियों के पहुंचने की उम्मीद है. वहीं, इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने ईद को लेकर गाइडलाइन जारी की है. इसमें लोगों से अपील की गई है कि वे सड़क पर नमाज न पढ़ें और निर्धारित स्थानों पर ही नमाज अदा करें, ताकि किसी को असुविधा न हो और व्यवस्था बनी रहे.
ये भी पढ़िए- Jhansi News: ‘प्यार किसी से, शादी किसी से’, सामूहिक विवाह योजना के पैसे आते ही दुल्हन हुई गायब
नमाज स्थलों पर तैनात किया गया पुलिस बल
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है. शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रखी जा रही है. प्रशासन का कहना है कि ईद का त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं.
ये भी पढ़िए- यूपी: देशभर में कल मनाई जाएगी ईद, राजधानी लखनऊ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट
