मिडिल ईस्ट में चल रही जंग का असर अब ऊर्जा क्षेत्र पर साफ दिख रहा है. ईरान और इजरायल के बीच जारी जंग के बीच कतर के गैस प्लांट पर हमला होने से हालात और गंभीर हो गए हैं. इसका असर भारत समेत कई देशों में LPG गैस की सप्लाई पर पड़ सकता है. LPG यानी Liquefied Petroleum Gas एक ऐसा ईंधन है, जिसका इस्तेमाल खासकर घरों में खाना बनाने के लिए किया जाता है. मौजूदा हालात में इसकी कमी कई जगह महसूस की जा रही है.
Worldometers की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में LPG उत्पादन करने वाले टॉप 10 देश इस प्रकार हैं. सबसे पहले नंबर पर अमेरिका है, जहां सालाना करीब 32,914,647,000 MMcf LPG का उत्पादन होता है. इसके बाद रूस दूसरे नंबर पर है, जहां 22,728,734,000 MMcf उत्पादन होता है. तीसरे स्थान पर ईरान है, जहां 9,097,956,245 MMcf LPG निकलती है. चौथे नंबर पर कनाडा (6,751,698,275 MMcf) और पांचवें स्थान पर अल्जीरिया (6,491,744,560 MMcf) है.
मिडिल ईस्ट में बढ़ते जंग का असर
कतर (6,000,936,690 MMcf) छठे नंबर पर आता है. सातवें स्थान पर नॉर्वे (5,763,408,000 MMcf) है. आठवें नंबर पर चीन (4,559,625,595 MMcf) और नौवें स्थान पर Saudi Arabia (4,231,796,450 MMcf) है. दसवें नंबर पर यूएई (3,178,738,465 MMcf) आता है. इन आंकड़ों से साफ है कि दुनिया में LPG उत्पादन कुछ बड़े देशों के हाथ में केंद्रित है. ऐसे में मिडिल ईस्ट में बढ़ते जंग का असर सीधे तौर पर वैश्विक गैस सप्लाई और कीमतों पर पड़ सकता है. हालांकि, भारत इस लिस्ट में टॉप 30 में शामिल है, इसकी रैंक 29 है.
क्या है LPG गैस?
LPG असल में दो गैसों से मिलकर बनती है, जिनका नाम प्रोपेन और ब्यूटेन है. इन गैसों को दबाव में रखकर तरल रूप में सिलेंडर में भरा जाता है. इसी वजह से इसे लिक्विफाइड कहा जाता है. जब सिलेंडर का वाल्व खोला जाता है तो यह फिर से गैस बन जाती है और जलने लगती है. घर में इसका सबसे ज्यादा उपयोग खाना बनाने के लिए होता है. रसोई में जो गैस सिलेंडर आता है, वही LPG होता है. इसके अलावा कुछ गाड़ियों जैसे ऑटो और कार में भी इसे ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जाता है.
फैक्ट्री में भी मशीन चलाने और गर्मी पैदा करने के लिए LPG का उपयोग किया जाता है. LPG को अच्छा ईंधन माना जाता है क्योंकि यह साफ जलती है और इससे धुआं कम निकलता है. इससे प्रदूषण भी कम होता है. इसे आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है और यह जल्दी जलकर ज्यादा गर्मी देती है.
