फिल्म ‘धुरंधर’ जब रिलीज हुई थी उसके बाद से ही सभी के मन में एक सवाल था, कि आखिर ‘बड़े साहब’ कौन हैं. फिल्म के इस किरदार के बारे में खूब चर्चा थी, वो भी तब जब इस किरदार को दिखाया तक नहीं गया था. केवल पूरी फिल्म में बड़े साहब के बारे में बात हो रही थी या बड़े साहब से फोन पर बात हो रही थी. तभी से फैंस जानना चाह रहे थे कि आखिर ये ‘बड़े साहब’ हैं कौन?
इमरान हाशमी के फैंस हुए निराश
दरअसल ‘धुरंधर 2’ की जब बात आई तो लोगों ने कयास लगाना शुरू कर दिया था कि बड़े साहब कौन हो सकता है. कई लोगों ने कहा कि ये किरदार सलमान खान निभाने वाले हैं. कई लोगों ने कहा कि ऋतिक रोशन बड़े साहब होंगे. तो कई ने इमराम हाशमी का नाम भी लिया. इमरान हाशमी के नाम पर तो लोगों ने मोहर तक लगा दी थी कि वही बड़े साहब का किरदार निभा रहे हैं. लेकिन आखिरकार पेड़ प्रिव्यू देख रहे लोगों ने ये खुलासा कर दिया है कि इमरान हाशमी बड़े साहब नहीं है. जिससे एक्टर के फैंस का दिन टूट गया है.

कौन हैं बड़े साहब?
अब सवाल ये उठता है कि ‘धुरंधर 2’ में आखिर बड़े साहब कौन हैं? दरअसल सोशल मीडिया से मिले स्पॉइलर्स के हिसाब से बड़े साहब फिल्म में दाउद इब्राहिम को कहा गया है. इस किरदार को एक्टर दानिश इकबाल फिल्म में निभा रहे हैं. सोशल मीडिया पर फिल्म को देखने वालों ने उनकी कई सारी फोटोज भी डाल दी है. उनका लुक भी पूरी तरह से दाउद इब्राहिम वाला ही दिया गया है.
कौन हैं दानिश इकबाल?
दानिश इकबाल बॉलीवुड एक्टर हैं, जो करीब 30 सालों से रंगमंच से जुड़े हुए हैं. एक्टर को ‘महारानी 2’ में दिलशाद मिर्जा के किरदार में नजर आए थे. इस किरदार ने दानिश को अलग पहचान दी है. तो वहीं अब ‘धुरंधर 2’ में इनके किरदार ‘बड़े साहब’ की जो हाइप है उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि उनका नाम अब हर किसी की जुबान पर होगा.
