महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने की PM मोदी से मुलाकात, किन मुद्दों पर हुई बात?


शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार (17 मार्च) को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच ईरान-इजराइल युद्ध, देश की आंतरिक स्थिति और महाराष्ट्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई. युद्ध जैसी स्थिति में एनडीए के सहयोगी दल के रूप में शिवसेना प्रधानमंत्री की भूमिका का समर्थन करती है और देश के साथ खड़ी है, ऐसा आश्वासन उपमुख्यमंत्री शिंदे ने प्रधानमंत्री को दिया. मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की.

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा, ”खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति के दौरान भारत में झूठा प्रचार कर राजनीति करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और राष्ट्रविरोधी है. कुछ लोग पाकिस्तान में सुर्खियां बटोरने के लिए बयान देते हैं. बालासाहेब के लिए देश पहले और राजनीति बाद में होती थी, और आज हम उन्हीं के विचारों पर आगे बढ़ रहे हैं.”

विकास कार्यों और अन्य मुद्दों पर PM मोदी से चर्चा

उन्होंने प्रधानमंत्री को जानकारी दी कि युद्ध के कारण कुवैत, दुबई और मस्कट में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों को सुरक्षित रूप से मुंबई और पुणे वापस लाया गया. कोविड काल से ही प्रधानमंत्री मोदी द्वारा खाड़ी देशों के साथ बनाए गए अच्छे संबंधों के कारण होर्मुज़ जलडमरूमध्य से भारत के तेल लेकर आने वाले दो जहाज सुरक्षित देश लौटे, इसके लिए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया. राज्य के विकास कार्यों और अन्य मुद्दों पर भी इस बैठक में चर्चा हुई.

‘युद्ध जैसी स्थिति का विपक्ष फायदा उठाने की कोशिश कर रहा’

डिप्टी सीएम शिंदे ने आगे कहा, ”विपक्ष युद्ध जैसी स्थिति का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है. देश में गैस की कमी को लेकर कांग्रेस और अन्य दल अफवाहें फैला रहे हैं, जिससे कालाबाजारी को बढ़ावा मिलता है.” उन्होंने दावा करते हुए कहा कि राज्य में कहीं भी गैस सिलेंडर की कमी नहीं है और सरकार इस पर सतर्कता से काम कर रही है.

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय भी विपक्ष ने की थी राजनीति’

उन्होंने यह भी कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ के समय भी विपक्ष ने इसी तरह की राजनीति की थी, जिसकी पाकिस्तान में भी चर्चा हुई थी. कुछ लोग पाकिस्तान में सुर्खियां पाने के लिए बयान देते हैं. शिवसेना सांसदों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संसद में गैस संकट और झूठे प्रचार के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाएं.

राज्यसभा में ज्योति वाघमारे निर्विरोध चुनी गईं- शिंदे

उन्होंने जानकारी देते हुए ये भी बताया कि राज्यसभा में डॉ. ज्योति वाघमारे निर्विरोध चुनी गई हैं, जो उच्च शिक्षित हैं और गरीबों के मुद्दों की समझ रखती हैं. इस बैठक में शिवसेना संसदीय दल के नेता सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, नरेश म्हस्के, मिलिंद देवड़ा, धैर्यशील माने, श्रीरंग बारणे और रवींद्र वायकर भी मौजूद थे.
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने की PM मोदी से मुलाकात, किन मुद्दों पर हुई बात?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *