दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल शुक्रवार (6 मार्च) को विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश हुए. फांसी घर विवाद मामले में वो समिति के सामने पेश हुए. इसके बाद केजरीवाल ने मीडिया से बात की. पूर्व सीएम ने कहा कि उन्हें खुशी होती अगर कोई समिति ये पूछती कि केजरीवाल बताइए कि सीवर कैसे ठीक होगी, सड़क कैसे ठीक होगी तो अपने अनुभव शेयर करता. लेकिन इनको दिल्ली चलानी नहीं है. इनका मकसद केवल राजनीति करना है.
दिल्ली विधानसभा का परिसर ऐतिहासिक- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “दिल्ली विधानसभा का परिसर ऐतिहासिक बिल्डिंग है. अंग्रेजों के जमाने में जब कलकत्ता से दिल्ली राजधानी ट्रांसफर की गई थी तो उस वक्त 1912 में ये बिल्डिंग बनाई गई थी. इस बिल्डिंग में 2022 में तत्कालीन स्पीकर राम निवास गोयल के प्रयास से ये पता चला कि एक कोने में एक फांसी घर था. उस फांसी घर में स्वतंत्रता सेनानियों को फांसी दी जाती थी. तत्कालीन स्पीकर ने बतौर सीएम मुझे बुलाया कि इसको हमें टूरिस्ट के लिए खोलना चाहिए ताकि लोग इससे प्रेरणा ले सकें. मैंने उसे खोला.”
दिल्लीवासियों को बड़ा तोहफा, 8 मार्च को दिल्ली को मिलेगी पहली रिंग मेट्रो, PM मोदी करेंगे उद्घाटन
‘स्वंतत्रता सेनानियों का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता’
इसके आगे उन्होंने कहा, “अब जबसे इनकी सरकार आई है, ये साबित करने में लगे हुए हैं कि ये फांसी घर नहीं था, टिफिन रूम था. मैं समझता हूं कि स्वतंत्रता सेनानियों का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता. मुझे साबित करने को कहा गया कि ये फांसी घर है. मैंने कहा कि आप मुझे बताइए कि आपके पास क्या सबूत है कि ये टिफिन रूम था. इनके पास कोई सबूत नहीं है. इसका मतलब है कि ये जान बूझकर स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करने के लिए, वो फांसी घर नहीं था ये साबित करने में लगे हुए हैं.”
दिल्ली वाले रो रहे हैं- अरविंद केजरीवाल
आप के संयोजक ने ये भी कहा, “मेरा कहना है कि जब से बीजेपी की सरकार आई है, दिल्ली का बुरा हाल हुआ पड़ा है. दिल्ली वाले रो रहे हैं. दिल्ली वाले वापस आम आदमी पार्टी की सरकार को याद कर रहे हैं. चारों तरफ दिल्ली में कूड़ा ही कूड़ा है. पॉल्यूशन का बहुत बुरा हाल है. सड़कें टूटी पड़ी हैं. पानी-बिजली के हजारों रुपये के बिल आ रहे हैं. चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है. मैंने कहा कि टाइम खराब करने के लिए केवल ये मुद्दा मिला है.”
‘कृपया इस्तीफा दे दीजिए लेकिन ट्रंप के सामने झुकिए मत’ अरविंद केजरीवाल का बड़ा बयान
