उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में एक 13 साल के बच्चे उनैज़ खान के सिर से सटाकर गोली मार दी गई. बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि उनैज़ के दोस्त उसे बर्थडे पार्टी में ले जाने के लिए उसके घर पर बुलाने आए थे. शाम को उनैज़ के पिता को फोन आया कि उनके बेटे की मौत हो गई है.
लखनऊ पुलिस ने जानकारी दी है कि बीते सोमवार, 2 मार्च की शाम लगभग 6:40 पर पुलिस को सूचना मिली कि एलडीए कॉलोनी में एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान एक्सीडेंटल फायरिंग हुई है. पता चला कि उनैज़ नाम का एक बच्चा अपने 3 नाबालिग दोस्तों के साथ संजीव त्रिपाठी के बेटे की जन्मदिन की पार्टी में गया था. दोस्तों में से ही एक बच्चे का बर्थडे था.
खेल-खेल में बच्चों से चली गोली
बताया जा रहा है कि एक कार के अंदर रखी पिस्टल बच्चों के हाथ लग गई. कार की चाबी मिलने के बाद बच्चे गाड़ी के अंदर गए और खेल-खेल में गोली चला दी. उज़ैन के सिर में गोली लगी.
इसी दौरान खेल-खेल में एक्सीडेंटल फायरिंग हुई और 13 साल के उनैज़ पुत्र जमीर निवासी बेहसा, सरोजनीनगर को गोली लग गई. परिजनों द्वारा तत्काल घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बच्चों से की पूछताछ
बच्चे के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए लोकबंधु अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया. तीनों बच्चों से घटना के संबंध में पूछताछ की गई और घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए गए. पुलिस की टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं.
उज़ैन के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. इस घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल को भी कब्जे में ले लिया गया है. हथियार किसका है और बच्चों को कहां से मिला, इसकी जानकारी पुलिस ने जुटानी शुरू कर दी है.
