चेक बाउंस मामले में जेल से बाहर आए एक्टर राजपाल यादव एक बार फिर चर्चा में हैं. निर्देशक प्रियदर्शन ने उनकी मुश्किलों की वजह ‘कम पढ़ाई’ को बताया था. इस बयान से राजपाल बहुत निराश हुए. एक इंटरव्यू में राजपाल ने साफ शब्दों में कहा कि वो अनपढ़ नहीं हैं, बल्कि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के ग्रेजुएट हैं और अपनी पढ़ाई पर उन्हें गर्व है.
प्रियदर्शन का सम्मान करते हैं राजपाल
ई-टाइम्स से बात करते हुए राजपाल यादव ने कहा कि वो प्रियदर्शनजी का बहुत सम्मान करते हैं, लेकिन समझ नहीं पा रहे कि उन्होंने ऐसा बयान क्यों दिया. वो नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से पढ़े-लिखे हैं. फिल्म इंडस्ट्री में काम करते समय कोई अपने डिग्री सर्टिफिकेट साथ लेकर सेट पर नहीं जाता. यहां टैलेंट और मेहनत मायने रखते हैं, न कि कागजी डिग्री. उन्होंने सवाल उठाया कि जब कभी उनकी और प्रियदर्शन की पढ़ाई को लेकर कोई चर्चा ही नहीं हुई, तो फिर इस तरह की टिप्पणी क्यों की गई. हालांकि इस बयान के बावजूद राजपाल ने अपने पुराने रिश्तों का सम्मान बनाए रखा.
इन निर्देशकों के आभारी है राजपाल
राजपाल ने कहा कि तीन निर्देशक ऐसे हैं, जिनके वो हमेशा आभारी रहेंगे – राम गोपाल वर्मा, डेविड धवन और प्रियदर्शन. इन निर्देशकों के साथ उन्होंने 40-50 फिल्मों में काम किया है और कई बार बिना पैसों की बात किए सिर्फ भरोसे के आधार पर फिल्में की. जब उनसे पूछा गया कि आर्थिक संकट के समय किसी बड़े निर्देशक ने उनकी मदद क्यों नहीं की, तो उन्होंने साफ कहा कि ये निजी मामला है. इसमें सिर्फ वो और शिकायतकर्ता शामिल हैं और ये मामला उनके गृह जिले शाहजहांपुर से जुड़ा है और उन्हें भरोसा है कि जल्द सुलझ जाएगा.
राजपाल ने जेल से ली एक सीख
राजपाल ने अपने पिता को याद करते हुए एक भावुक बात भी शेयर की. उनके पिता किसान थे और पढ़े-लिखे नहीं थे, लेकिन ईमानदारी को सबसे बड़ा गुण मानते थे. उन्होंने अपने बेटे से कहा था कि अगर वो परीक्षा में योग्य नहीं हैं तो पास न किया जाए, जरूरत पड़े तो खेती कर लेगा. वो आज भी खुद को किसान का बेटा मानते हैं, जिसने मेहनत के दम पर अभिनय की दुनिया में जगह बनाई. जेल में बिताया समय उन्होंने एक सीख की तरह लिया है. जिंदगी सबसे बड़ी शिक्षक है और अब वो हर दिन खुद को एक छात्र की तरह देखते हैं.
वर्कफ्रंट की बात करें तो राजपाल यादव जल्द ही प्रियदर्शन की फिल्म ‘हैवान’ में नजर आएंगे, जिसमें सैफ अली खान और अक्षय कुमार साथ नजर आएंगे. इसके अलावा वह ‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार और दिशा पाटनी के साथ दिखाई देंगे और ‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार और विद्या बालन संग नजर आएंगे.
