रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी इस साल की सबसे बड़ी और सबसे चर्चित शादियों में से एक बन गई है. 26 फरवरी को उदयपुर में शादी के बंधन में बंधे विजय और रश्मिका जल्दी ही अपने दोस्तों के लिए एक वेडिंग रिसेप्शन देने वाले हैं. जिसकी सारी डीटेल्स भी उन्होंने फैंस के साथ शेयर कर दी हैं. इन डीटेल्स के जरिए उन्होंने अपने फैंस से भी सुरक्षा का ध्यान रखने की बात कही है.
कब और कहां होगा वेडिंग रिसेप्शन?
विजय और रश्मिका की उदयपुर में शादी के बाद अब वेडिंग रिसेप्शन हैदराबाद में होने वाला है. 4 मार्च को कपल का वेडिंग रिसेप्शन होगा, जिसमें तेलुगु, तमिल, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के लोगों के अलावा राजनीति से जुड़े दिग्गज भी शामिल होंगे. रश्मिका और विजय ने अपने स्टेटमेंट में बताया है कि रिसेप्शन वेन्यू की सुरक्षा व्यवस्था कड़क रहने वाली है. जिससे कि लोकल पुलिस या आम जनता को दिक्कतों का सामना ना करना पड़े.

नो इन्विटेशन, नो एंट्री
इस स्टेटमेंट में ये भी साफ कर दिया गया है कि जिसके पास ऑफिशियल इन्विटेशन होगा, केवल उसे ही वेन्यू के अंदर आने दिया जाएगा. उम्मीद की जा रही है कि रश्मिका और विजय की शादी का क्रेज देखते हुए काफी मीडिया और फैंस वेन्यू पर एकजुट हो सकते हैं. इसलिए ही गेस्ट लिस्ट को भी थोड़ा और छोटा किया गया है. साथ ही बिना इन्विटेशन के एंट्री नहीं देने का फैसला भी किया गया है.
फैंस के लिए संदेश
इसके साथ ही दोनों ने फैंस के लिए भी खास संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि वो दोनों अपने तमाम फैंस से मिल रहे प्यार और आशीर्वाद के लिए आभारी हैं. साथ ही उन्होंने समर्थकों से विनम्रतापूर्वक अनुरोध किया है कि वे व्यवस्थाओं में सहयोग करें और औपचारिक निमंत्रण के बिना कार्यक्रम स्थल पर न आएं. अपने फैंस को आश्वस्त करते हुए कहा है कि, उनका प्यार उनके लिए सबसे ऊपर है, इसलिए आने वाले समय में दोनों मीनिंगफुल और अलग तरीकों से अपनी खुशियां फैंस के साथ शेयर करेंगे.
