कश्मीर के सभी जिलों में प्रतिबंध होंगे लागू, ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की शहादत के बाद फैसला


ईरान और इजरायल के बीच जंग जारी है. इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम नेता अली खामेनेई की मौत के बाद युद्ध और तेज होने की संभावना है. इस बीच सोमवार (02 मार्च) से एहतियाती उपाय के तौर पर कश्मीर के सभी जिलों में प्रतिबंध लागू करने की घोषणा की गई है. अधिकारियों ने रविवार (01 मार्च) को कहा कि ईरान के नेता अली खामेनेई की मृत्यु के बाद कश्मीर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों की खबरों के मद्देनजर शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए कश्मीर के सभी जिलों में प्रतिबंध लागू किए जाएंगे.

सुरक्षा बलों के सीनियर अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है. एक सीनियर अधिकारी ने कहा, “एहतियाती उपाय के तौर पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है.” अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंध सोमवार (02 मार्च) से लागू होंगे और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जाएगी.

खामेनेई की मौत के बाद जम्मू-कश्मीर के लोगों में आक्रोश

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद जम्मू-कश्मीर में लोगों का आक्रोश देखने को मिला है. सीएम उमर अब्दुल्ला ने भी ईरान पर हुए हमलों को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने सभी समुदायों से शांति की अपील की है. सीएम दफ्तर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ईरान में हो रही घटनाओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है, जिनमें ईरान के सुप्रीम लीडर, आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर है. उन्होंने सभी समुदायों से शांति बनाए रखने, संयम रखने और ऐसे किसी भी कार्य से बचने की अपील की है, जो तनाव या अशांति का कारण बन सकते हैं.”

कश्मीर में स्कूल-कॉलेज 2 दिनों के लिए बंद

वहीं, कश्मीर में स्कूल और कॉलेजों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को लेकर भी अहम खबर सामने आई है. राज्य सरकार ने 2 दिनों की छुट्टी की घोषणा की है. कश्मीर में सभी स्कूल और कॉलेज दो दिनों के लिए बंद रहेंगे. 70 दिन की सर्दियों की छुट्टी के बाद सोमवार (02 मार्च) से स्कूल फिर से खुलने वाले थे. इस बीच जम्मू-कश्मीर की शिक्षा मंत्री सकीना इटू (Sakina Itoo) ने रविवार (01 मार्च) को घोषणा की है कि घाटी के सभी स्कूल और कॉलेज अगले दो दिनों तक बंद रहेंगे.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *