राजस्थान के बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव में नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. हाईवे पर जा रही स्लीपर बस अचानक आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई. टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस का दाहिना भाग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में 6 यात्रियों की मौत की खबर है. वहीं, कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं. हादसे के बाद कुछ शव बस से बाहर लटके नजर आए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसे के तुरंत बाद की जो तस्वीर सामने आई है, उसमें बस से लटके हुए खून से लथपथ शव देखे गए हैं. फिलहाल, स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुटी है.
ट्रेलर ड्राइवर से पूछताछ कर रही पुलिस
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त वीभत्स थी कि बस का ड्राइवर साइड की तरफ का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई.
घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. 6 शवों को नाहटा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. उनकी पहचान के बाद उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और ट्रेलर ड्राइवर से पूछताछ कर रही है.
गंभीर घायल मथुरा दास माथुर अस्पताल रेफर
इसके अलावा, गंभीर रूप से घायल 7 यात्रियों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर के मथुरा दास माथुर अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान विधानसभा से कांग्रेस विधायकों का वॉकआउट, टीकाराम जूली बोले- ‘बेइज्जती करवाने नहीं आते’